Ranchi: रांची शहर की ट्रैफिक व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई, जब बोरिया-चिरौंदी रोड पर जाम के बीच रांची डीसी और एसएसपी का काफिला ही फंस गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर भारी जाम के कारण अधिकारियों की गाड़ियां काफी देर तक आगे नहीं बढ़ सकीं। लगातार सायरन बजने के बावजूद रास्ता खाली नहीं हो पा रहा था।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने किसी तरह रास्ता क्लियर कराया, तब जाकर काफिला आगे बढ़ सका। इस दौरान आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम लगना अब रोज की समस्या बन चुकी है
स्थानीय लोगों का कहना है कि बोरिया-चिरौंदी रोड पर जाम लगना अब रोज की समस्या बन चुकी है। सड़क संकरी होने, जगह-जगह अतिक्रमण, सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण यहां दिनभर वाहन रेंगते नजर आते हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
आज जब खुद प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां जाम में फंस गईं, तब इलाके में यह चर्चा तेज हो गई कि क्या अब इस समस्या पर प्रशासन सख्त कदम उठाएगा या फिर यह मामला भी कुछ दिनों बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा।







