रांची: दुर्गा पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और अन्य अधिकारियों के साथ शहर के कई प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया।
इन पूजा पंडालों का किया गया निरीक्षण
जिला प्रशासन की टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडाल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने पंडालों की संरचना के साथ फायर फाइटिंग सिस्टम, विद्युत सुरक्षा, प्रवेश और निकास मार्ग, सीसीटीवी, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
महिला, बुजुर्ग और बच्चों की सुरक्षा पर जोर
उपायुक्त ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था रखी जाए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया है।
इसके अलावा महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए इमरजेंसी एग्जिट को हमेशा अवरोधमुक्त रखने का निर्देश दिया गया।
खुले बिजली तार और ज्वलनशील सामान पर विशेष नजर
प्रशासन ने पूजा समितियों को विद्युत व्यवस्था निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखने को कहा है। खुले या असुरक्षित बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के साथ पंडाल और आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया।
पंडाल परिसर में ज्वलनशील पदार्थों और संभावित जोखिम वाले सामान के इस्तेमाल को लेकर भी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा गया है। फायर फाइटिंग उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस-प्रशासन से लगातार संपर्क में रहें समितियां
प्रशासन ने पूजा समितियों को पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा है। समितियों के प्रमुख पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों के मोबाइल नंबर संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के पास उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अप्रिय घटना या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत जिला प्रशासन को देने को कहा गया है। साथ ही श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूजा समितियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन ने कहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












