Ranchi में अतिक्रमण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, नदी किनारे अवैध निर्माण और मीट दुकान हटाई
Ranchi Nagar Nigam ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाया। सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में इंफोर्समेंट टीम ने डीपीएस चौक से डिप्टी पुल होते हुए अरगोड़ा तक सड़क, फुटपाथ, नदी किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध निर्माण तोड़े गए, बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग हटाए गए और कई दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया।
नदी किनारे बने 8 अवैध निर्माण ध्वस्त
Nagar Nigam की टीम ने अरगोड़ा नदी और डिप्टी पुल के आसपास नदी के कैचमेंट क्षेत्र में बने करीब आठ अस्थायी अवैध निर्माणों को हटाया। निगम का कहना है कि नदी और नालों पर अतिक्रमण से जल निकासी प्रभावित होती है और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। इसी कारण ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध मीट दुकान हटाई, बर्ड हिट का था खतरा
कार्रवाई के दौरान अरगोड़ा नदी के पास झारखंड फर्नीचर के समीप संचालित एक अवैध मीट दुकान को हटाया गया। जांच में पाया गया कि दुकान से निकलने वाला अपशिष्ट नदी किनारे फेंका जा रहा था, जिससे बड़ी संख्या में पक्षी वहां जमा हो रहे थे।
Nagar Nigam के अनुसार यह इलाका फ्लाइंग जोन में आता है और पक्षियों की अधिक मौजूदगी से विमान संचालन के दौरान बर्ड हिट का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा नदी में गंदगी फैलने से जल प्रदूषण भी हो रहा था। इसी को देखते हुए दुकान को हटाने के साथ आसपास बने अन्य अवैध शेड और अस्थायी दुकानों को भी हटाया गया।
अवैध होर्डिंग जब्त, 25 हजार रुपये तक जुर्माने की चेतावनी
अभियान के दौरान सड़क पर बिना अनुमति लगाए गए एक विज्ञापन होर्डिंग को भी हटाया गया। नगर निगम ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों के उल्लंघन पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
15 दुकानों को ट्रेड लाइसेंस लेने का नोटिस
निरीक्षण के दौरान करीब 15 दुकानें बिना ट्रेड लाइसेंस के संचालित होती मिलीं। निगम ने सभी दुकानदारों को तीन दिनों के भीतर ट्रेड लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर लाइसेंस नहीं लेने पर संबंधित दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
5 गुमटी और ठेले जब्त
Nagar Nigam की टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित पांच गुमटी और ठेलों को जब्त किया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
फुटपाथ और सड़क किनारे हटाया गया अतिक्रमण
अभियान के दौरान फुटपाथ, रोड फ्लैंक और मुख्य मार्ग से जुड़ी गलियों के टर्निंग पॉइंट पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। अलकापुरी मार्ग स्थित पार्किंग स्थल पर बने अवैध शेड को भी हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
Nagar Nigam की अपील
Ranchi Nagar Nigam ने नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ, नदी-नालों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें। निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण, अतिक्रमण और बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों के उपयोग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








