Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट का जुनून चरम पर है। धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम के बाहर सुबह से ही क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ जुटने लगी। मुकाबला शाम सात बजे से खेला जाना है, लेकिन अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देखने के लिए फैंस काफी पहले ही स्टेडियम पहुंचने लगे।
पलामू समेत झारखंड के अलग-अलग जिलों और कोलकाता जैसे दूसरे शहरों से भी क्रिकेट प्रेमी रांची पहुंचे हैं। प्रशंसकों में टीम इंडिया के खिलाड़ियों को लेकर खास उत्साह है। फैंस को अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और कुलदीप यादव से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी को लेकर भी दर्शकों में खास आकर्षण देखने को मिल रहा है।
दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री
स्टेडियम में दर्शकों की एंट्री दोपहर तीन बजे से शुरू होने की जानकारी दी गई है। प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच के बाद ही दर्शकों को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। स्टेडियम के बाहर उद्घोषणा के जरिए लोगों को प्रवेश संबंधी नियमों की जानकारी दी जा रही है।
दर्शकों को हेलमेट, खाने-पीने का सामान, पान-गुटखा, मसाला, नुकीली वस्तुएं और बड़े बैग साथ नहीं लाने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने लोगों से घर से निकलने से पहले प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच कर लेने और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। एसएसपी राकेश रंजन ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्टेडियम और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों को दर्शकों की आवाजाही सुचारू रखने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
मैदान में घुसने की कोशिश पर होगी कार्रवाई
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी दर्शक सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में प्रवेश करने की कोशिश न करे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस की विशेष टीमें दर्शकों की एंट्री और ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
भारत और वेस्टइंडीज के इस मुकाबले को लेकर रांची में क्रिकेट का माहौल बना हुआ है। अब दर्शकों को इंतजार है मैदान पर चौके-छक्कों और रोमांचक खेल का।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








