Ranchi के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल झपटमारी का मामला सामने आया है। हिनू से स्टेट हैंगर की ओर जा रहे विक्रम कुमार लकड़ा से स्कूटी सवार दो बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो गए। झपटमारी के दौरान धक्का दिए जाने से विक्रम सड़क पर गिर गए और उनके सिर, हाथ और घुटने में गंभीर चोट आई। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हटिया स्टेशन रोड के गितिलपीड़ी निवासी विक्रम कुमार लकड़ा ने स्वस्थ होने के बाद एयरपोर्ट थाना में दोनों अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीछे से आए और झपट्टा मारकर मोबाइल छीना
प्राथमिकी के अनुसार, विक्रम अपनी पत्नी के साथ सुबह मॉर्निंग वॉक करते हुए हिनू से स्टेट हैंगर की ओर जा रहे थे। स्टेट हैंगर के पास पहुंचने पर पीछे से लाल रंग की स्कूटी पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मोबाइल उनके जीजाजी अनुप परिमल तिग्गा के नाम से खरीदा गया था और उन्हें उपहार में दिया गया था।
धक्का देने से बेहोश हुए विक्रम
मोबाइल छीनने के दौरान बदमाशों ने विक्रम को धक्का दे दिया। इससे वह सड़क पर गिर गए और सिर, हाथ तथा घुटने में गंभीर चोट लगी। चोट लगने के बाद वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गए।
घटना के बाद उनकी पत्नी ने टुकटुक की मदद से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए डोरंडा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया। हालांकि, परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें ओरमांझी स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।
इलाज के बाद घर लौटने पर विक्रम ने एयरपोर्ट थाना पहुंचकर घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








