Ranchi News: राजधानी रांची में ‘रेरा बिहार से रूबरू’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार के भू-सम्पदा प्रक्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा पर मंथन हुआ। कार्यक्रम में बिहार रेरा (RERA) के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने झारखंड में सक्रिय बिल्डरों और प्रमोटरों को बिहार के विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि बिहार में शहरीकरण और विकास की गति बहुत तेज है, जिसका लाभ बिल्डर उठा सकते हैं।
Ranchi News: प्रमोटरों के लिए ‘उदार’ हुआ रेरा बिहार
विवेक कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण ने अब ‘फिल्टर व्यवस्था’ लागू की है। यदि कोई प्रमोटर अपने प्रोजेक्ट के निबंधन (Registration) के समय सभी कागजात सही तरीके से जमा करता है, तो रेरा निबंधन देने में बेहद उदार रवैया अपनाएगा। उन्होंने साफ किया कि रेरा का मकसद काम रोकना नहीं, बल्कि पारदर्शी तरीके से ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देना है।
Ranchi News: झारखंड ने भी माना लोहा
इस कार्यक्रम में मौजूद झारखंड के विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह ने बिहार रेरा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड रेरा को भी इसी तरह के कदम उठाने चाहिए। वहीं, झारखंड रेरा के अध्यक्ष बिरेन्द्र भूषण ने स्वीकार किया कि बिहार रेरा के मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है और झारखंड में भी इसे लागू करने की कोशिश की जाएगी।
खरीदारों के लिए विशेष जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान दो लघु फिल्में दिखाई गईं, जिसमें घर खरीदने वालों को निवेश से पहले बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। रेरा बिहार के जांच आयुक्त संजय सिंह ने जोर देकर कहा कि घर या प्लॉट खरीदते समय रेरा निबंधन की जांच अनिवार्य रूप से करें। सचिव अनिमेष पाण्डेय और विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश थदानी ने भी निवेशकों और बायर्स की शंकाओं का समाधान किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक पहुँचना था जो रहते झारखंड में हैं लेकिन बिहार में अपनी संपत्ति खरीदना चाहते हैं। खुला सत्र (Open Session) के साथ समाप्त हुए इस कार्यक्रम ने निवेशकों के मन से कागजी बाधाओं का डर निकालने में बड़ी भूमिका निभाई।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








