Ranchi: महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में रांची जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शनिवार को कुलगु नगड़ी स्थित वन स्टॉप सेंटर (One Stop Centre) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री मौजूद रहे।
उपायुक्त ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के लिए एक समर्पित सहायता केंद्र है, जहां हिंसा, घरेलू उत्पीड़न, यौन शोषण या किसी भी प्रकार के अत्याचार की शिकार महिलाओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे पीड़ित महिलाओं को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सेवाएं
वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को आपातकालीन सहायता, चिकित्सा सुविधा, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग और अस्थायी आश्रय जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
केंद्र में मिलने वाली प्रमुख सुविधाओं में शामिल हैं:
- आपातकालीन स्थिति में 108 एंबुलेंस और पुलिस सहायता
- तत्काल चिकित्सा उपचार की व्यवस्था
- FIR, NCR और DIR दर्ज कराने में सहयोग
- मानसिक एवं भावनात्मक सहायता के लिए काउंसलिंग
- निःशुल्क कानूनी सलाह और सहायता
- पीड़ित महिलाओं और उनके बच्चों के लिए सुरक्षित आश्रय
- जरूरत पड़ने पर परिवहन सुविधा
महिलाओं को मिलेगा त्वरित और समग्र सहयोग
प्रशासन के अनुसार वन स्टॉप सेंटर का मुख्य उद्देश्य हिंसा और उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं को त्वरित, सुरक्षित और समग्र सहायता उपलब्ध कराना है। इससे महिलाओं को न्याय प्राप्त करने और सामान्य जीवन में लौटने में मदद मिलेगी।
हेल्पलाइन 181 पर कर सकती हैं संपर्क
किसी भी प्रकार की सहायता के लिए महिलाएं टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क कर वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं का लाभ उठा सकती हैं।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान स्थापना उप समाहर्ता रांची बिवेक कुमार सुमन, अंचल अधिकारी नगड़ी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नगड़ी, थाना प्रभारी नगड़ी, सीडीपीओ नगड़ी सहित जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय महिला संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








