Ranchi: गर्भवती महिला ने डिलीवरी से पहले की आत्महत्या, घर में मिला शव
Ranchi: रांची से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां 9 महीने की गर्भवती महिला का शव उसके ही घर में संदिग्ध परिस्थिति में पाया गया है। बताया जा रहा है कि महिला की डिलीवरी कुछ दिन बाद होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही यह घटना घटित हो गई। इधर सुचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को रिम्स अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जो जानकारी मिली रही है , उसके अनुसार घटना के वक्त महिला घर में अकेली थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर महिला का शव मिला। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। वही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी देते हुए लोअरबाजार थाना प्रभारी लव सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। हालांकि प्रथम दृष्टि में यह मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिजनों से पूछताछ भी कर रही है, ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल घटना के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है। वहीं लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।












