रांची: राजधानी रांची स्थित रांची प्रेस क्लब में बुधवार को पत्रकारों ने काला बिल्ला लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हाल ही में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में किया गया, जिसमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री Irfan Ansari की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए।
प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों का आरोप है कि घटना के दौरान मंत्री मौके पर मौजूद थे, इसके बावजूद पत्रकारों के साथ मारपीट की गई। पत्रकारों ने इसे “मौन सहमति” करार देते हुए कड़ी नाराजगी जताई।

विरोध कर रहे पत्रकारों ने मंत्री के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने एक टीवी इंटरव्यू में घटना की जानकारी से इनकार किया था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सामने आए वीडियो फुटेज में मंत्री की मौजूदगी साफ नजर आती है, जिससे उनके बयान की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मौके पर रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभू नारायण चौधरी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनके साथ इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पत्रकार न केवल कलम चलाना जानते हैं, बल्कि अपने अधिकारों की रक्षा करना भी बखूबी जानते हैं।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही घोषणा की गई कि 1 मई को हजारीबाग में राज्यभर के पत्रकार एकजुट होकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।







