रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आरएसएस कार्यालय परिसर में दो पेट्रोल बम फेंके। इनमें से एक बम फट गया, जबकि दूसरा बम विस्फोट नहीं कर सका। घटना के बाद कार्यालय में मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद अविस्फोटित पेट्रोल बम को सुरक्षित कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेता आरएसएस कार्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही तकनीकी सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बता दें कि इस घटना में दो युवक शामिल बताए जा रहे है, युवकों ने सॉस की बोतल में पेट्रोल भर कर आरएसएस ऑफिस के अंदर फेंकने की कोशिश की थी, लेकिन बाउंड्री से पहले ही दोनों बोतल गिर गए। इधर मामले की जानकारी मिलते ही, रांची के सिटी एसपी ने मामले की जांच के लिए एफएसएल सहित कई टीम को लगा दिया है। घटना देर रात की बताई जा रही है, वही आज सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, रांची के विधायक सीपी सिंह आरएसएस ऑफिस पहुंच चुके है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









