Ranchi: देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप का 135वां संस्करण इस बार झारखंड की राजधानी रांची के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार रांची को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग की ओर से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विभागीय सचिव मुकेश कुमार ने की।
तैयारियों में किसी तरह की चूक नहीं होगी
बैठक में सचिव मुकेश कुमार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्टेडियम की ब्रांडिंग, फायर सेफ्टी, खिलाड़ियों और अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था, आमंत्रण पत्र वितरण तथा सुरक्षा इंतजामों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने मैचों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति करने के भी निर्देश दिए।
सफाई, ट्रैफिक और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में रांची नगर निगम को स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।
इसके अलावा स्वास्थ्य, बिजली, खेल प्राधिकरण, पर्यटन, संस्कृति और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित सभी एजेंसियों को उनकी जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
18 जुलाई को निकलेगा डूरंड कप ट्रॉफी टूर
डूरंड कप को लेकर शहरवासियों में उत्साह बढ़ाने के लिए 18 जुलाई 2026 को भारतीय थल सेना की ओर से डूरंड कप ट्रॉफी टूर आयोजित किया जाएगा। ट्रॉफी को रांची के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट से जुड़ सकें और आयोजन के प्रति उत्साह का माहौल बन सके।
झारखंड में फुटबॉल को मिलेगा नया मंच
राजधानी Ranchi में पहली बार डूरंड कप के आयोजन को राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल झारखंड की खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी, बल्कि राज्य के युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि भी बढ़ेगी। साथ ही राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से खेल पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, झारखंड खेल प्राधिकरण के अधिकारियों समेत विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।








