रांची: राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में कल (मंगलवार) शासी परिषद (गवर्निंग बॉडी) की 65वीं बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में अस्पताल के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और मेडिकल शिक्षा के विस्तार से जुड़े 26 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि बैठक में लिए जाने वाले फैसलों का सीधा लाभ मरीजों, डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों को मिलेगा।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है। इसके तहत करीब 5.89 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि से नई अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी मशीन खरीदने का प्रस्ताव रखा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर रिम्स में कैंसर मरीजों का इलाज पहले से अधिक प्रभावी और आधुनिक तकनीक से किया जा सकेगा। साथ ही गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों या बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता भी कम हो सकती है।
MBBS, PG और सुपर स्पेशियलिटी सीटों के विस्तार पर भी होगी चर्चा
बैठक में केंद्र सरकार की योजना के तहत MBBS, पोस्टग्रेजुएट (PG) और सुपर स्पेशियलिटी सीटों के विस्तार के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। हाल ही में रिम्स में MBBS सीटों की संख्या 180 से बढ़ाकर 250 की गई है। अब संस्थान में मेडिकल शिक्षा का दायरा और बढ़ाने को लेकर भी अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
नए मेडिकल उपकरण और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर होगा मंथन
गवर्निंग बॉडी की बैठक में अस्पताल के लिए आधुनिक मेडिकल उपकरणों की खरीद, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा अस्पताल की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े मुद्दों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है।
64वीं बैठक के लंबित प्रस्तावों की होगी समीक्षा
सूत्रों के अनुसार, पिछली 64वीं गवर्निंग बॉडी बैठक में लिए गए कुछ महत्वपूर्ण फैसलों पर अब तक पूरी तरह अमल नहीं हो पाया है। ऐसे में इस बार उन लंबित प्रस्तावों की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि स्वीकृत योजनाओं को जल्द लागू किया जा सके।








