Dhanbad: जिला परिषद की बैठक बुधवार को जमकर गरमाई, जब जिप सदस्य विकास महतो ने जिला परिषद की परिसंपत्तियों पर हो रहे अवैध कब्जे का मुद्दा उठाते हुए सीबीआई और ईडी जांच की मांग कर दी। बैठक में उन्होंने पोस्टर दिखाकर अपनी बात रखी, जिसे अन्य सदस्यों का भी समर्थन मिला।
विकास महतो ने आरोप लगाया कि यूनियन क्लब, टेक्सटाइल मार्केट, कांग्रेस भवन समेत कई परिसंपत्तियां आज भी व्यवसायिक वर्ग के कब्जे में हैं। इन परिसंपत्तियों से जिला परिषद को करोड़ों की आमदनी होनी चाहिए, लेकिन अवैध कब्जों और पदाधिकारियों की शिथिलता के कारण राजस्व की भारी क्षति हो रही है।
उन्होंने साफ कहा—“पारदर्शिता और परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों से जांच जरूरी है।”
बिजली विभाग पर भी उठे सवाल
बैठक में विकास महतो ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विभाग बकाया बिल होने पर सीधे उपभोक्ताओं पर एफआईआर दर्ज कर रहा है, जो उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है।
विधायक राज सिन्हा भी आए समर्थन में
बैठक में शामिल धनबाद विधायक राज सिन्हा ने भी परिसंपत्तियों की सीबीआई और ईडी जांच की मांग का समर्थन किया। उन्होंने नाराजगी जताई कि कई विभागों के पदाधिकारी बैठक में मौजूद ही नहीं थे। इस पर उन्होंने डीडीसी सह मुख्य कार्यपालक दंडाधिकारी को कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











