Sahibganj: झारखंड के साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र स्थित बिशनपुर गांव में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपने ही 22 वर्षीय इकलौते बेटे सफीकुल पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
दिन में हुआ था विवाद, रात में कुल्हाड़ी लेकर लौटा पिता
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, रविवार शाम मुजाहिरूल हक और उसके बेटे सफीकुल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद मुजाहिरूल गुस्से में घर छोड़कर चला गया। देर रात वह शराब के नशे में वापस घर पहुंचा। उस समय सफीकुल घर में सो रहा था। आरोप है कि नशे में धुत पिता ने कुल्हाड़ी उठाकर सो रहे बेटे के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।पत्नी पर भी हमला करने की कोशिश, बेटी की सूझबूझ से बची जान
बताया जा रहा है कि बेटे पर हमला करने के बाद आरोपी अपनी पत्नी पर भी कुल्हाड़ी से वार करने के इरादे से आगे बढ़ा। तभी घर में मौजूद बेटी की नजर खून से सनी कुल्हाड़ी पर पड़ी। उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। बेटी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी पिता वहां से फरार हो गया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल सफीकुल को इलाज के लिए पहले कल्याण अस्पताल केंदुआ ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उसे बरहड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बाहर रेफर कर दिया गया। फिर परिजन उसे बीडीएच फरक्का लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से भी उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया। जंगीपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही सफीकुल ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर सोमवार सुबह रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।परिवार पर पहले भी टूट चुका है दुखों का पहाड़
ग्रामीणों के अनुसार, सफीकुल परिवार का इकलौता जीवित बेटा था। उसका बड़ा भाई करीब आठ वर्ष पहले महाराजपुर में ट्रेन हादसे में जान गंवा चुका था। परिवार में चार बहनें हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है। सफीकुल की अभी शादी नहीं हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुजाहिरूल हक शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर में विवाद करता था। परिवार के सदस्य उसके शराब पीने का विरोध करते थे। इसी को लेकर घर में अक्सर तनाव बना रहता था। रांगा थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें
संबंधित ताज़ा ख़बरें
झारखंड मुख्य समाचार एवं विशेष रिपोर्ट
Special Report
खबर मन्त्र एक्सक्लूसिव पड़ताल एवं विश्लेषण
Exclusive
ताजा प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय अपडेट्स
Top Video








