टाटा समूह ने Air India के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। मौजूदा मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) कैंपबेल विल्सन का कार्यकाल अगले वर्ष समाप्त होने वाला है, ऐसे में कंपनी नए चेहरे की तलाश में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार, कैंपबेल विल्सन और टाटा समूह—दोनों ही 2027 के बाद अनुबंध के नवीनीकरण के इच्छुक नहीं हैं। इसी कारण एयर इंडिया के शीर्ष पद के लिए संभावित उम्मीदवारों की खोज को स्वाभाविक कदम माना जा रहा है।
सिर्फ Air India ही नहीं, बल्कि टाटा समूह Air India Express के लिए भी नए प्रबंध निदेशक की नियुक्ति पर विचार कर रहा है। वर्तमान एमडी आलोक सिंह का कार्यकाल वर्ष 2027 में पूरा होगा।
मामले से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नए प्रमुख के चयन की प्रक्रिया में करीब तीन से छह महीने का समय लग सकता है। यह भी संकेत दिया गया है कि यदि मौजूदा और नए प्रमुख कुछ समय तक साथ काम करते हैं, तो नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया ज्यादा सुचारू और सहज हो सकती है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर टाटा समूह की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इस बीच, एयर इंडिया से जुड़े बोइंग 787-8 विमान दुर्घटना की अंतिम जांच रिपोर्ट जून के आसपास आने की उम्मीद है। गौरतलब है कि टाटा समूह ने जनवरी 2022 में केंद्र सरकार से एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)













