Ranchi: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग आदिवासी किशोरी के कथित यौन शोषण के गंभीर आरोपों को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने इस मामले में विधायक की गिरफ्तारी, पीड़िता की सुरक्षा और उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई
भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक पर 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोपों का उल्लेख किया।
भाजपा नेताओं ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने प्राथमिकी के बाद पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास ले जाने और उस पर दबाव बनाए जाने की आशंका की भी जांच कराने की मांग की। पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में जांच कराने पर जोर दिया गया।
निशा भगत की मौत का मामला भी उठाया
प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की मृत्यु, सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना परिसर में महिला से कथित दुष्कर्म और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी में मिशन से जुड़े व्यक्ति पर लगे यौन शोषण के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की।
इसके अलावा मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करने का आग्रह किया गया।
भाजपा ने राज्यपाल से सभी मामलों में समयबद्ध जांच, पीड़िताओं की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में गीता कोड़ा, सीमा सिंह, अशोक बड़ाईक, आरती कुजूर, रामकुमार पाहन, गंगोत्री कुजूर और पिंकी खोया समेत अन्य नेता शामिल थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








