Ranchi: क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विद्यार्थियों के साथ नेतृत्व, शिक्षा, उद्यमिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस, कृषि और समावेशी विकास जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत की। कार्यक्रम का आयोजन यूनिवर्सिटी के Alumni Relations Cell की ओर से “From Education to Impact: Youth, Leadership, Entrepreneurship and Inclusive Growth” विषय पर किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि शिक्षा का मकसद केवल डिग्री हासिल करना नहीं होना चाहिए। शिक्षा तभी सार्थक है, जब उससे समाज की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान तलाशने की क्षमता विकसित हो। उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान और तकनीकी समझ को समाज के हित में इस्तेमाल करने की अपील की।
AI और डिजिटल तकनीक को जनहित से जोड़ने की जरूरत
मंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक तेजी से शासन और समाज के काम करने के तरीके को बदल रही हैं। ऐसे दौर में युवाओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। तकनीक का इस्तेमाल केवल सुविधा बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि जनहित, पारदर्शिता और समावेशी विकास के लिए किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीक और नवाचार भारत की विकास यात्रा में अहम भूमिका निभाएंगे। इसके लिए युवाओं को तकनीकी ज्ञान के साथ सामाजिक वास्तविकताओं की भी समझ विकसित करनी होगी।
गांव और किसान को समझे बिना भारत को समझना मुश्किल
शिल्पी नेहा तिर्की ने ग्रामीण भारत को समझने की जरूरत पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक तस्वीर केवल बड़े शहरों में दिखाई नहीं देती, बल्कि गांवों, खेतों और मेहनतकश लोगों के बीच भी देश की विकास यात्रा जुड़ी हुई है।
उन्होंने खासतौर पर शहरी पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों से ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को करीब से समझने की अपील की। उनके मुताबिक, ग्रामीण भारत की जरूरतों को समझने से युवा ऐसे उत्पाद, सेवाएं और तकनीकी समाधान विकसित कर सकते हैं, जो देश की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने में मददगार हों।
उन्होंने कहा, “भारत केवल बड़े शहरों में नहीं बसता, बल्कि उसके गांवों, खेतों और मेहनतकश लोगों में भी भारत की असली तस्वीर दिखाई देती है।”
राजनीति में आने वाले युवाओं को दिया संदेश
कार्यक्रम के ओपन सेशन में विद्यार्थियों ने राजनीति में युवाओं की भूमिका, नेतृत्व, शिक्षा, समावेशी विकास और भविष्य की चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे। राजनीति में आने की इच्छा रखने वाले युवाओं के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने से पहले युवाओं को समाज को समझना और लोगों के बीच काम करना सीखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करना बेहद जरूरी है। लोकतंत्र सिर्फ चुनाव लड़ने और मतदान करने तक सीमित नहीं है। संवाद, सवाल पूछने की क्षमता, असहमति का सम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी हैं।
अपने पुराने विश्वविद्यालय लौटकर भावुक हुईं मंत्री
कार्यक्रम के दौरान शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने छात्र जीवन की यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि जिस विश्वविद्यालय से उन्होंने शिक्षा प्राप्त की, उसी परिसर में आज मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों के बीच अपने विचार साझा करना उनके लिए भावुक और गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा कि जहां से जीवन को दिशा मिली, वहीं लौटकर नई पीढ़ी के साथ संवाद करना उनके लिए बेहद विशेष और अविस्मरणीय अनुभव है।
मंत्री ने क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के इस संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को किताबों और अकादमिक शिक्षा से आगे बढ़कर समाज और देश की वास्तविक चुनौतियों को समझने का अवसर देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के संवाद युवाओं में नेतृत्व, नवाचार, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करेंगे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








