Dhanbad: धनबाद जिले से हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला निकलकर सामने आ रही है जहां एक महिला ने सोशल मीडिया के जरिए एक व्यवसायी से लाखों की ठगी की। घटना के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला लोयाबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर महिला से हुई थी मुलाकात
मिली जानकारी के अनुसार, सरायढेला निवासी एक व्यवसायी की पहचान सोशल मीडिया पर एक महिला से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद 28 अप्रैल को महिला ने उसे मिलने के बहाने लोयाबाद स्थित अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में उसका वीडियो बना लिया गया।
यही वीडियो बाद में ब्लैकमेलिंग का हथियार बना। कुछ ही देर में गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भारी रकम की मांग करने लगे। डर के माहौल में फंसे व्यवसायी से करीब 4 लाख रुपये वसूल लिए गए, जबकि कुल 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए निकाले पैसे
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए भी पैसे निकाले और उसके गहने तक लूट लिए। इस पूरे घटनाक्रम ने यह साफ कर दिया कि यह कोई एकल घटना नहीं बल्कि एक संगठित गिरोह का काम है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह में कई युवक और युवतियां शामिल हैं, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों को टारगेट करते हैं। खासकर आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को फंसाकर उनसे पैसे ऐंठना इनका मुख्य तरीका है।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
झारखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने महिला के पति समेत अन्य आरोपियों को भी नामजद किया है और उनकी तलाश जारी है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार महिला पहले भी ऐसे मामलों में जेल जा चुकी है, जिससे उसके आपराधिक इतिहास का भी पता चलता है।
लोयाबाद थाना प्रभारी टीकू प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








