Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को प्रेम, अपनत्व, त्याग, संघर्ष और भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरक जीवनगाथा बताया है। शुक्रवार, 13 नवंबर को जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल एक राजनीतिक संस्मरण नहीं, बल्कि सोनिया गांधी के जीवन, उनके संघर्षों और भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को समझने का महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ी जीवन यात्रा
केशव महतो कमलेश ने कहा कि इटली के एक छोटे से कस्बे में जन्मी सोनिया गांधी का भारत आना, यहां के परिवार, संस्कृति और परंपराओं को आत्मसात करना तथा देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करना एक असाधारण यात्रा है। उन्होंने कहा कि भारतीयता केवल जन्मस्थान से तय नहीं होती, बल्कि देश की संस्कृति, विविधता, परंपराओं और यहां के लोगों के प्रति समर्पण से बनती है।
उन्होंने राजीव गांधी के प्रति सोनिया गांधी के प्रेम, इंदिरा गांधी के साथ उनके आत्मीय संबंध और राजीव गांधी की हत्या के बाद भी सार्वजनिक जीवन में उनकी भूमिका का उल्लेख करते हुए इसे उनके धैर्य, साहस और प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का किया जिक्र
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने वर्ष 2004 की राजनीतिक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने का अवसर होने के बावजूद सोनिया गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनके अनुसार, यह फैसला दर्शाता है कि राजनीति में नेतृत्व की पहचान केवल सत्ता और पद से नहीं, बल्कि सिद्धांतों, त्याग और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से होती है।
लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और संवैधानिक संस्थाओं पर रखी बात
कमलेश ने कहा कि पुस्तक में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, नागरिक स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार किया गया है। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की ताकत उसकी बहुलतावादी संस्कृति में है। देश सभी धर्मों, जातियों, भाषाओं और समुदायों का साझा राष्ट्र है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, मीडिया की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की स्वायत्तता और विपक्ष की प्रभावी भूमिका जैसे विषय महत्वपूर्ण हैं। लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिक अधिकारों की रक्षा, असहमति के सम्मान और संविधान की मूल भावना को बनाए रखने की निरंतर प्रक्रिया है।
संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा पर जोर
झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी है कि वह लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करे। साथ ही संविधान की रक्षा और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करे।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में असहमति और बहस का स्वागत होना चाहिए। किसी विचार से असहमत होने पर उसका जवाब दबाव या भय के माहौल से नहीं, बल्कि तर्क, संवाद और वैचारिक विमर्श से दिया जाना चाहिए।
अंत में केशव महतो कमलेश ने कहा कि ‘Belonging: A Journey of Love’ का संदेश भारत के लोगों, संस्कृति, विविधता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा से जुड़ा है। उनके मुताबिक, देश को ऐसी राजनीति की जरूरत है, जिसमें सत्ता से ऊपर सेवा, धार्मिक पहचान से ऊपर मानवीय गरिमा और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर संविधान एवं लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता हो।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








