Jharkhand: रांची के युवा सुभाष कुमार ने लोकप्रिय टीवी क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 लाख रुपये की बड़ी रकम जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है। सुभाष वर्तमान में रांची में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं।
शो में शांत स्वभाव, सटीक जवाब और आत्मविश्वास से भरे अंदाज़ के साथ सुभाष ने हॉटसीट पर अपनी जगह मजबूत की और कठिन सवालों को भी आसानी से निपटाया।
“जज्बा और जूनून हो तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं,” सुभाष ने अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा। उन्होंने यह भी बताया कि निरंतर मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी तरह की सफलता हासिल की जा सकती है।
अपनी सफलता का श्रेय सुभाष ने अपनी मां रेणुका गुप्ता, पिता रामकिशोर साहू, विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष तथा संत जेवियर कॉलेज के व्याख्याताओं को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उनकी असली ताकत है।
सुभाष की इस उपलब्धि से न केवल परिवार में खुशी की लहर है, बल्कि रांची के युवाओं में भी प्रेरणा का संचार हुआ है।













