Ranchi: रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इनडोर स्टेडियम में आयोजित अखिल झारखंड महिला संघ के राज्यस्तरीय अधिवेशन में आजसू प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने महिला सशक्तिकरण को पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आजसू का लक्ष्य प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक महिला नेतृत्व को मजबूत करना है, ताकि महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
सुदेश महतो ने कहा कि आजसू ने पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर ऐतिहासिक पहल की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार महिलाओं के मुद्दों पर गंभीर नहीं है। उनके अनुसार, महिला सुरक्षा, सम्मान और सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर कई चुनौतियां बनी हुई हैं।
हेमंत राज में महिलाओं के साथ हो रहा छल-सुदेश महतो
उन्होंने “मईया सम्मान” योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं के नाम योजना में जोड़े जाने चाहिए और पात्र महिलाओं को लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो महिलाएं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगी।
अधिवेशन में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और पंचायत स्तर पर नेतृत्व को मजबूत करना जरूरी है। वहीं विधायक निर्मल महतो ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व की नई पहचान बना रही हैं और संगठन में उनकी बढ़ती भागीदारी इसका प्रमाण है।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। अधिवेशन में राज्यभर से हजारों महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि महिला नेतृत्व को लेकर आजसू संगठनात्मक स्तर पर अपनी रणनीति को और मजबूत करने की तैयारी में है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








