Ranchi: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित इस्लामनगर के तबारक लॉज से दिल्ली एटीएस ने एक संदिग्ध आतंकी अशहर दानिश को गिरफ्तार किया है। उसका आधार कार्ड बोकारो जिले के पेटरवार का है। इसी कड़ी में पलामू के हुसैनाबाद से भी 22 वर्षीय गुलशेर आलम उर्फ़ मुन्ना को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की संयुक्त टीम ने पकड़ा है।
दिल्ली एटीएस की मानें तो पिछले डेढ़ साल में पूरे देश से करीब दर्जनभर आतंकी पकड़े जा चुके हैं, जिनमें रांची सबसे ज्यादा चर्चा में रहा है। पहले भी चान्हो क्षेत्र से कई गिरफ्तारियां हुई थीं और यह खुलासा हुआ था कि यहां ट्रेनिंग सेंटर खोलने की योजना थी।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले ऐसी कार्रवाई क्यों हो रही है?
दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच गिरफ्तारी ने बढ़ाई चिंता
इधर रांची नगर निगम और जिला प्रशासन दुर्गा पूजा को लेकर तैयारी में जुटा है—
- पंडालों में सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी
- साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था
- बिजली और सुरक्षा जांच
- पूजा समितियों के लिए हेल्पलाइन
लेकिन सवाल यही है कि जब लाखों लोग दुर्गा पूजा पंडालों में जुटने वाले हैं, ठीक उसी वक्त संदिग्ध आतंकी का पकड़ा जाना कहीं किसी बड़े साजिश की ओर तो इशारा नहीं कर रहा?
लोगों के मन में उठ रहे सवाल
- क्या इन संदिग्धों की योजना दुर्गा पूजा जैसे बड़े आयोजन को निशाना बनाने की थी?
- क्या रांची और पलामू को आतंकी संगठन आसान टारगेट मान रहे हैं?
- क्या यह गिरफ्तारियां किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं, जिसका पर्दाफाश अभी बाकी है?
- दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के इंतज़ाम क्या पर्याप्त हैं?












