Koderma: दिल्ली के पूर्वी हिस्से में शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित राजकीय सर्वोदय स्कूल में 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा मूल रूप से झारखंड के कोडरमा की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
पीरियड के बाद कक्षा से बाहर निकली थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, छात्रा छठे पीरियड के बाद कक्षा से बाहर निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल परिसर में गंभीर और अचेत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस को घटनास्थल और छात्रा के स्कूल बैग से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नोट में पढ़ाई को लेकर पारिवारिक दबाव और अपेक्षाओं का जिक्र है। हालांकि, इन तथ्यों की जांच की जा रही है और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
जन्मदिन से एक दिन पहले हुई घटना
बताया जा रहा है कि छात्रा का जन्मदिन 25 अक्टूबर को था और घटना उससे एक दिन पहले हुई। इस घटना से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
Read More- कोडरमा में रांची-पटना मुख्य मार्ग भारी जाम, वाहनों की लंबी कतार
कृष्णा नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से मौत की परिस्थितियों के बारे में अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









