रांची। चैंबर चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार (16 सितंबर) को चुनाव समिति की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान चुनाव पदाधिकारी बिकास सिंह, पवन शर्मा और समिति सदस्य ललित केडिया उपस्थित रहे। चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि चैंबर की 61वीं वार्षिक आमसभा 20 सितंबर को चैंबर भवन में होगी, जबकि सत्र 2025-26 का चुनाव 21 सितंबर को स्वर्णभूमि बैंक्वेट, डंगराटोली में संपन्न होगा। इस चुनाव के लिए कुल 56 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें 6 नामांकन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए थे। प्रत्येक प्रमंडल से एक-एक नामांकन होने के कारण सभी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने जाएंगे।
read more: 95 साल पुराना है झारखंड का यह पहला विश्वकर्मा मंदिर, यहां होती है ऐतिहासिक पूजा
चुनावी मैदान में 44 प्रत्याशी
कार्यकारिणी समिति के लिए आए 50 नामांकन में से 6 वापस ले लिए गए हैं। ऐसे में 21 सीटों के लिए 44 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव में कुल 3985 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3727 लाइफ मेंबर, 158 जनरल मेंबर, 85 एफिलिएटेड बॉडी, 10 कॉर्पोरेट और 5 पैट्रन मेंबर शामिल हैं। एफिलिएटेड बॉडी को दो वोट का अधिकार होगा, जबकि अन्य सभी श्रेणी के सदस्यों को एक वोट मिलेगा।
read more: धनबाद में दुर्गा पूजा 2025: सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
चुनाव पदाधिकारी ने चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने की अपील
चुनाव पदाधिकारी बिकास सिंह ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील करते हुए आचार संहिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी मतदान स्थल पर आईडी कार्ड का इस्तेमाल नहीं करेंगे और प्रचार-प्रसार चुनाव से 24 घंटे पूर्व पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। साथ ही प्रचार में चैंबर के लोगो का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित है।












