Dhanbad: धनबाद रेल मंडल अंतर्गत डीसी लाइन पर बुधवार शाम करीब 4 बजे बाँसजोड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। कतरास से मैथन पावर प्लांट जा रही कोयला लदी मालगाड़ी अचानक पोल संख्या DK 7/31 के पास दो हिस्सों में बंट गई। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी की कपलिंग टूटने के कारण यह घटना हुई।
जैसे ही हादसा हुआ, स्टेशन के पास मौजूद यात्रियों और स्थानीय राहगीरों में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी का अगला हिस्सा करीब 100 मीटर दूर जाकर स्वतः रुक गया। संभवतः ड्राइवर को पहले ही कपलिंग में गड़बड़ी का अंदेशा हो गया था, जिस कारण समय रहते ब्रेक लगाए गए।
गेटमैन की सूझबूझ से टली अनहोनी
घटना के समय फाटक बंद था और रेलकर्मी हरी झंडी दिखा रहे थे। उसी दौरान जोरदार आवाज सुनकर गेटमैन ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद उसने खुद ही तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए टूटी कपलिंग को जोड़ने का प्रयास किया। लगभग 40 मिनट की मेहनत के बाद मालगाड़ी को पुनः जोड़ा गया और उसे रवाना किया गया।
तकनीकी खामी से जताई जा रही है चिंता
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि मालगाड़ी का पिछला भाग स्वतः न रुकता, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि मालगाड़ियों की तकनीकी जांच को और प्रभावी बनाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।












