CM Hemant Soren: लंबे अरसे के बाद हेमंत सरकार ने आज बड़े स्तर पर बड़ी संख्या में नियुक्ति पत्र का वितरण किया। रांची के प्रोजेक्ट भवन में बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत नवनियुक्त बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) और महिला पर्यवेक्षिकाओं को सीएम हेमंत सोरेन ने नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान कई मंत्री भी शामिल रहे।
CM Hemant Soren-महिलाओं के सशक्तिकरण से बदलेगा समाज
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं आज अपने पैरों पर खड़ी होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज और राज्य के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त महिलाएं पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी। सीएम ने कहा कि इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों से जुड़े संवेदनशील विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित करना है।
Read More- Big Breaking: रांची में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार
कुपोषण के खिलाफ ‘महायुद्ध’ का आह्वान
मुख्यमंत्री ने राज्य में कुपोषण की समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए एक ‘श्राप’ बताया। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से अपील की कि वे कुपोषण को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लें। सीएम ने कहा, “झारखंड एक आदिवासी बहुल राज्य है, जहाँ महिलाएं अक्सर अपनी शारीरिक समस्याओं को बताने में हिचकिचाती हैं। अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप उन तक पहुँचें और एक स्वस्थ समाज का निर्माण करें।”
Read More- Ranchi News: एशियन चैंपियनशिप में झारखंड का जलवा, स्वर्ण पदक विजेताओं ने डीसी से की मुलाकात
दुर्गम क्षेत्रों तक पहुँचेगी सरकारी योजनाएं
हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि जहाँ समन्वय कमजोर होता है, वहीं गड़बड़ी की गुंजाइश बढ़ती है। सरकार ने बेहतर कनेक्टिविटी के लिए कर्मियों को मोबाइल फोन और टैब भी प्रदान किए हैं, ताकि योजनाओं की मॉनिटरिंग रीयल-टाइम में हो सके।
आज से आप सभी सरकार के परिवार का हिस्सा हैं-CM Hemant Soren
अंत में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज से आप सभी सरकार के परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा भी दिलाया। इस गरिमामय अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव उमाशंकर सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









