Jamtara: जामताड़ा शहर के गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार सुबह उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब मां पार्वती की प्रतिमा को असमाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर पहुंच गए और नाराजगी जताने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं की नजर प्रतिमा पर पड़ी। प्रतिमा के दोनों ओर गहरे चोट के निशान थे और गर्दन टूटी हुई दिखाई दी। लोगों का आरोप है कि यह किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर की गई हरकत है।
लोगों में गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ नाराजगी
घटना के बाद मंदिर परिसर में भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि जिले में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। स्थानीय निवासी श्याम देव चौधरी ने कहा कि प्रतिमा को जिस तरह नुकसान पहुंचाया गया है, उससे साफ लगता है कि इसे सुनियोजित तरीके से तोड़ा गया है।
लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
पहले भी हो चुकी है चोरी की बड़ी घटना
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले शहर के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में लाखों रुपये की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी बी.एस. पंडित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कहा है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








