Khan Sir Coaching Attack : बिहार की राजधानी पटना के चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर मंगलवार की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुछ लोग कोचिंग के सिक्योरिटी गार्ड को बेरहमी से पीटते और ईंट-पत्थर चलाते दिख रहे हैं। हमलावरों ने कोचिंग के बाहर लगे पोस्टर-बैनर भी फाड़ दिए हैं। इस घटना के बाद खान सर के छात्रों में भारी आक्रोश है और बुधवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। सुरक्षा के लिहाज से आज खान सर का कोचिंग सेंटर बंद रखा गया है।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार
इस मामले में पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ‘ज्ञान बिंदु’ कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों-अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। टाउन DSP-1 राजेश रंजन ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है। दरअसल, खान सर ने सीधे तौर पर इस हमले का आरोप ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर और उनके कर्मचारियों पर लगाया है।
फायरिंग के दावे पर पलटे खान सर
हमले में घायल सिक्योरिटी गार्ड का सिर फट गया है, जिसे इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है। शुरुआत में खान सर ने दावा किया था कि मौके पर 8 से 10 राउंड फायरिंग (गोलीबारी) भी हुई है। हालांकि, बाद में वे अपने इस बयान से पलट गए। खान सर ने सफाई देते हुए कहा, “उस वक्त माहौल इतना तनावपूर्ण था कि मुझे कुछ समझ नहीं आया।” पुलिस ने भी फायरिंग की बात से साफ इनकार किया है और खान सर द्वारा दर्ज कराई गई FIR में भी गोलीबारी का कोई जिक्र नहीं है।
एक्शन में सरकार: 3 महीने में बनेगी नई ‘कोचिंग नीति’
इस हाई-प्रोफाइल विवाद और कोचिंग सेंटर्स के बीच बढ़ती आपसी रंजिश को देखते हुए बिहार शिक्षा विभाग तुरंत एक्शन में आ गया है। सरकार ने राज्य में एक सख्त ‘कोचिंग नीति’ बनाने की घोषणा की है। अगले 3 महीने के भीतर इस नीति को तैयार कर लिया जाएगा, जिसके तहत सभी कोचिंग संस्थानों के लिए एक ‘मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट’ (आचार संहिता) लागू किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी हिंसक घटनाओं को रोका जा सके।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









