Ranchi : राजधानी रांची में अपराधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त रुख अपना रही है। इसी क्रम में, 13 अक्टूबर को रांची पुलिस को दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने आलोक गिरोह और सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े कुल पाँच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने कारबाइन, पिस्तौल, जिंदा गोली, मोबाइल, राउटर और अन्य सामान बरामद किया है। इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन ने दी।
पहली कार्रवाई: आलोक गिरोह के दो अपराधी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि आलोक गिरोह के सदस्य लेवी वसूलने और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में डीएसपी खलारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के डेगा-डेगी नदी के पास स्थित ईंट भट्ठा में छापेमारी की।
Read More-हद है अंधेरेगर्दी का! झारखण्ड पुलिस नियम कानून को ठेंगा दिखा रही-पुलिसिया कार्रवाई पर भड़के बाबूलाल
कुल 4 हथियार, 18 जिंदा गोली, 14 खोखा और दो मोटरसाइकिल बरामद
छापेमारी के दौरान दो अपराधियों-प्रभात कुमार राम और संजय कुमार दास को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक लोडेड 9 एमएम कारबाइन, एक देशी पिस्तौल, 10 जिंदा गोलियाँ, 4 मोबाइल, एक राउटर, मोटरसाइकिल और आलोक गिरोह लिखा पर्चा बरामद हुआ।
पूछताछ में प्रभात कुमार राम ने बताया कि उसने एक चोरी की बाइक कोनका जंगल में छिपाई है। जब पुलिस बरामदगी के लिए पहुंची, तो उसने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की और दो राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा गया।
दूसरी कार्रवाई: सुजीत सिन्हा गिरोह के तीन अपराधी हथियार समेत गिरफ्तार
इधर, तुपुदाना थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती के दौरान एक संदिग्ध बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोका गया। चालक भागने लगा, जिसे बल की मदद से पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से एक लोडेड 7.65 एमएम देशी पिस्तौल और पाँच जिंदा गोलियाँ मिलीं।
Read More-जनसुराज ने जारी की दूसरी लिस्ट, 65 नए उम्मीदवारों की घोषणा
पूछताछ में उसने खुद को सुजीत सिन्हा गिरोह के कुबेर कोलांचल शांति सेना संगठन का सदस्य बताया और जानकारी दी कि उसके दो साथी बालसीरिंग पहाड़ पर हैं। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर एसपी (नगर) के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में अपराधी अफताब आलम के पैर में गोली लगी।
तीनों अपराधी शामिल
1. सोनू पासवान उर्फ चरका (20 वर्ष), निवासी खीरगाँव, हजारीबाग
2. अफताब आलम (24 वर्ष), निवासी खीरगाँव, हजारीबाग
3. मोहम्मद तौफीक अंसारी (27 वर्ष), निवासी कटकमदाग, हजारीबाग
तीनों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से दो देशी पिस्तौल, आठ जिंदा गोली, चौदह खोखा, एक मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद की।
रांची पुलिस की इन दो सटीक कार्रवाइयों में कुल पाँच अपराधियों की गिरफ्तारी और चार पिस्तौल/कारबाइन सहित बड़ी मात्रा में गोलियाँ बरामद होने से अपराधी गिरोहों में हड़कंप मच गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि, अपराध और उग्रवादी गिरोहों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। रांची में किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Read More-झारखंड कैबिनेट बैठक की तारीख में बदलाव, अब कल होगी मंत्रीपरिषद की अहम बैठक













