KhabarMantra: आज अपराह्न 2 बजे झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो से यूनिसेफ की भारतीय प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ़्री ने उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में यूनिसेफ द्वारा बच्चों के कल्याण के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई।
सिंथिया मैककैफ़्री ने झारखंड में हो रहे सकारात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गिरिडीह से लेकर पश्चिमी सिंहभूम तक यूनिसेफ की साझेदारी के स्पष्ट और प्रभावी परिणाम देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों और युवाओं को सशक्त बनाना, विश्वविद्यालयों को बाल मुद्दों से जोड़ना और विभिन्न समुदायों को इस पहल में भागीदार बनाना उनकी अहम उपलब्धियों में शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को परिवर्तन के वाहक के रूप में तैयार करने और बच्चों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी संवाद स्थापित करने की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के सहयोग और बाल अधिकारों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने झारखंड में यूनिसेफ द्वारा संचालित बाल केंद्रित नीतियों और कार्यक्रमों की सराहना की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड प्रमुख डॉक्टर कनिका मित्रा और आस्था अलंग भी उपस्थित थीं।












