Dhanbad: राजगंज-महदा मुख्य मार्ग में राहुल चौक कतरास के पास सोमवार को सड़क हादसा हो गया। पचगढ़ी बाजार से श्यामडीह की ओर जा रहे टोटो को तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में टोटो सवार आधा दर्जन से अधिक महिलाएं और युवतियां घायल हो गईं। घायलों में टोटो चालक दीपक कुम्हार शामिल हैं। दुर्घटना की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मुख्य चौक पर बैरिकेडिंग करने की मांग
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। हादसे से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने मौके पर सड़क जाम करने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला और यातायात बहाल कराया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि राहुल चौक पर पहले से मौजूद बैरिकेडिंग को हटाए जाने के बाद से दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। इसके अलावा, रॉन्ग साइड से आने-जाने वाले वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही भी लगातार हादसों की वजह बन रही है।
स्थानीय लोगों ने राहुल चौक और भगत सिंह चौक पर हादसों को रोकने के लिए अविलंब पुनः बैरिकेडिंग कराने, ट्रैफिक सिग्नल व संकेतक बोर्ड लगाने और गोलंबर के निर्माण की पुरजोर मांग की है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







