Jharkhand News: धनबाद में पुलिस की मुस्तैदी ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। राजगंज और तेतुलमारी पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार की देर रात बड़ी ऑपरेशन चलाते हुए बड़ी घटना को अंजाम देने से पहले चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
सघन जांच अभियान के दौरान पकड़ में आए अपराधी
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी किसी बड़ी घटना के लिए राजगंज इलाके में जुटने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान आधी रात को पुलिस ने सोनदाहा बस्ती के पास दो बाइकों पर सवार चार युवकों को तेजी से आते हुए देखा। इसी दौरान पुलिस को देखते हुए युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करते हुए चारों अपराधी को गिरफ्तार कर लिया।
दो देसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से दो देसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रिंकू मंडल, रवि महतो, समशुल अंसारी और गौतम धीवर के रूप में हुई है। पूछताछ में इन बदमाशों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
उन्होंने स्वीकार किया कि इसी साल 10 जनवरी 2026 को उन्होंने तेतुलमारी में एक किराना दुकानदार अर्जुन महतो पर जानलेवा फायरिंग की थी और लूट की कोशिश की थी। फिलहाल, पुलिस इनके एक और फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है।












