Ranchi: भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि झामुमो संथाल परगना को बंगाल की तरह तुष्टीकरण की आग में झोंक देना चाहता है, लेकिन अब संथाल समाज झामुमो की असलियत को समझ चुका है।
झामुमो हताश और निराश, खो रही है जमीन: आदित्य साहू
सांसद साहू ने कहा कि झामुमो अपनी खिसकती राजनीतिक जमीन और हेमंत सरकार के खिलाफ जनता में बढ़ते गुस्से से हताश और निराश है। यही कारण है कि वह अब मुद्दों से भटकाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
शहीदों के वंशजों पर लाठीचार्ज शर्मनाक: भाजपा
आदित्य साहू ने सवाल उठाया कि जिन शहीद सिदो-कान्हू के नाम पर राज्य महोत्सव मनाया जाता है, उनके वंशज मंडल मुर्मू को झामुमो ने सत्तामद में एक “प्यादा” बना दिया है। उन्होंने झारखंड सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कैसी सरकार है जो शहीदों के वंशजों पर लाठियां बरसवाती है और आंसू गैस के गोले छोड़ती है?
‘गाय बथान’, ‘गोपीनाथपुर’ और ‘रामेश्वर मुर्मू’ की हत्या का जवाब दे झामुमो
भाजपा नेता ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि झामुमो यह बताए कि –
- रामेश्वर मुर्मू की हत्या का प्रोड्यूसर और डायरेक्टर कौन है?
- गाय बथान और गोपीनाथपुर की घटनाओं के पीछे कौन है?
- बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के जरिए आदिवासियों की जमीन छिनने का मास्टरमाइंड कौन है?
उन्होंने झारखंड में लव जिहाद और लैंड जिहाद की घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को घेरा और पूछा कि किसके संरक्षण में घुसपैठियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड और वोटर आईडी जारी किए जा रहे हैं?
ममता सरकार पर चुप क्यों रहते हैं झामुमो नेता?
आदित्य साहू ने झामुमो पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि जब ममता बनर्जी सरकार ने बंगाल में हूल दिवस मनाने की अनुमति नहीं दी, तब झामुमो नेता चुप क्यों बैठे रहे? क्या उनके पास ममता सरकार के खिलाफ बोलने का साहस नहीं है?
भाजपा देगी जनाक्रोश को दिशा
भाजपा नेता ने कहा कि झारखंड का गठन भाजपा की कोख से हुआ है और पार्टी राज्य को बर्बाद नहीं होने देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा जनता के बढ़ते आक्रोश को दिशा देगी और यह संदेश स्पष्ट कर दिया कि संथाल परगना झामुमो की जागीर नहीं है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








