Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची स्थित संत जेवियर्स कॉलेज ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित करते हुए इंडिया टुडे के वार्षिक सर्वे 2025 में शिक्षा जगत में शानदार प्रदर्शन किया है. कॉलेज को पूर्वी भारत में वाणिज्य और कला संकाय में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि पूरे भारत के प्रतिष्ठित कॉलेजों के बीच भी इसने महत्वपूर्ण रैंकिंग हासिल की है.
सर्वे में संत जेवियर्स की प्रमुख रैंकिंग:
- कला संकाय: पूरे भारत के 194 कॉलेजों में से 33वां स्थान
- विज्ञान संकाय: 192 कॉलेजों में 68वां स्थान
- वाणिज्य संकाय: 251 कॉलेजों में 41वां स्थान
- बीबीए: 218 कॉलेजों में 36वां स्थान
यह रैंकिंग कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता, बुनियादी ढांचे, फैकल्टी, प्लेसमेंट और स्टूडेंट सैटिस्फैक्शन जैसे मानकों के आधार पर तय की गई है.
read more- साहिबगंज में बड़ा रेल हादसा: 18 बोगियां पटरी से उतरीं, रेलवे को लाखों का नुकसान
प्राचार्य फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर एस.जे. का बयान
कॉलेज की इस सफलता पर प्राचार्य फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर एस.जे. ने कहा, “यह रैंकिंग न केवल हमारे संस्थान की प्रतिष्ठा को दर्शाती है, बल्कि झारखंड के शिक्षा क्षेत्र के लिए भी यह एक बड़ी उपलब्धि है. हमारा प्रयास हमेशा रहा है कि हम राज्य के युवाओं को उच्चस्तरीय शिक्षा और समग्र विकास का वातावरण प्रदान करें.”
उन्होंने इस सफलता का श्रेय कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों, अभिभावकों और मीडिया को दिया और सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया.
झारखंड के लिए गर्व का विषय
संत जेवियर्स कॉलेज रांची ने लगातार दूसरी बार यह रैंकिंग हासिल कर साबित कर दिया है कि वह झारखंड और पूर्वी भारत के सबसे भरोसेमंद शिक्षण संस्थानों में से एक है. यह कॉलेज न केवल शैक्षणिक दृष्टि से बल्कि नैतिक, सामाजिक और नेतृत्व विकास में भी छात्रों को सशक्त बना रहा है.
यह उपलब्धि झारखंड के लिए गौरव की बात है और राज्य के उभरते शिक्षा परिदृश्य को एक नई दिशा देती है.













