रांची: नक्सलियों द्वारा 24 घंटे के भारत बंद के आह्वान के बीच शनिवार देर रात ओडिशा के रॉक्सी और रेंगड़ा स्टेशन के बीच रेल पटरी को उड़ाने की कोशिश की गई। इस दौरान रविवार सुबह चक्रधरपुर रेल मंडल के बिमलगढ़ रेलखंड में नक्सली विस्फोट में एक ट्रैकमैन की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान एतवा ओराम (58) के रूप में हुई है, जबकि घायल बुधराम मुंडा का इलाज राउरकेला में चल रहा है।
read more: नहीं रहे झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
पेट्रोलिंग के दौरान हुआ धमाका
मिली जानकारी के अनुसार, भारत बंद के दौरान रविवार सुबह दो रेलकर्मी पटरी की पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाया गया IED फट गया, जिसमें एतवा ओराम की मौके पर ही मौत हो गई और बुधराम मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दोनों को पहले बंडामुंडा रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एतवा ओराम को मृत घोषित कर दिया। बुधराम को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया।
पहले से दी थी चेतावनी
बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने इलाके में लाल बैनर लगाकर पहले ही अपनी मौजूदगी और हमले की चेतावनी दी थी। बावजूद इसके रेलवे प्रशासन की ओर से आरपीएफ द्वारा ट्रैक की समुचित जांच नहीं की गई, और कर्मचारियों को पेट्रोलिंग पर भेज दिया गया। इस गंभीर लापरवाही पर रेलवे प्रशासन विवादों में घिर गया है।
कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल संयोजक शशि मिश्रा ने इस घटना को प्रशासन की गंभीर चूक करार दिया है और रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और विस्फोट स्थल की जांच की जा रही है। वहीं, रेलवे प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी है।













