Jharkhand News: गिरिडीह जिले में कोयला चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार देर रात सीसीएल (CCL) की सुरक्षा टीम पर कोयला चोरों ने अचानक हमला कर दिया। यह घटना सीपी साइडिंग क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान सुरक्षा दल को चोरी की सूचना मिली। टीम जैसे ही मौके पर पहुंची और चोरों को खदेड़ने लगी, तभी करीब 100 की संख्या में मौजूद कोयला चोरों ने जवानों पर धावा बोल दिया।
read more- रामकनाली हादसे पर मरांडी का हमला, बोले- यह प्राकृतिक नहीं बल्कि कृत्रिम आपदा है
इस दौरान सुरक्षा कर्मी श्याम सुंदर को चोरों ने पकड़कर झाड़ियों में घेर लिया और मारपीट की। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। हमले में तीन सुरक्षा गार्ड घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि माइंस और रेलवे लोडिंग प्वाइंट पर आए दिन कोयला चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद चोरों के हौसले बुलंद बने हुए हैं।
घायल सुरक्षा कर्मियों ने जिला प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में सुरक्षा बलों पर हमले जैसी घटनाओं को रोका जा सके और कोयला चोरी पर अंकुश लगाया जा सके।












