Jharkhand News: नगर परिषद झुमरीतिलैया द्वारा अस्थायी फुटकर विक्रेताओं को व्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उपायुक्त कोडरमा के निर्देशानुसार तिलैया थाना से सुभाष चौक तक सड़क किनारे बैठे खाद्य विक्रेताओं को हटाकर अब उन्हें पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास बन रही फूड चौपाटी में स्थानांतरित किया जाएगा।
इस उद्देश्य से ब्लॉक मैदान स्थित नगर परिषद सार्वजनिक पुस्तकालय में एक लॉटरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अस्थायी रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं ने भाग लिया। इस लॉटरी के माध्यम से विक्रेताओं को उनके लिए निर्धारित दुकानों का आवंटन किया गया।
विक्रेताओं को मिलेगा निश्चित स्थान
नगर प्रबंधक लेमांशु कुमार ने जानकारी दी कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास फूड चौपाटी बनाई जा रही है। इसमें केवल खाद्य सामग्री बेचने वाले ठेला-खोमचा विक्रेताओं को स्थान दिया जाएगा। यह पहल न केवल सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाएगी, बल्कि विक्रेताओं को भी स्थायी रूप से व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराएगी।
उपस्थित रहे अधिकारी
लॉटरी कार्यक्रम में नगर प्रबंधक रणधीर कुमार वर्मा, राजस्व निरीक्षक शंभू रजक व अजीत कुमार, पर्यवेक्षक बलराम कुशवाहा, और अन्य कर्मी जैसे मिल्टन टंडन, मुकेश राणा, रौशन कुमार, आकाश कुमार, और शुभम कुमार आदि उपस्थित रहे।













