Jharkhand News: धनबाद में चिरकुंडा थाना पुलिस ने रविवार की शाम गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया और एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया। गिरफ्तार युवकों के पास से एक अवैध देशी कट्टा, एक प्रतिबंधित कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस दल ने मौके पर छापेमारी की
जानकारी के अनुसार, पुलिस उपनिरीक्षक मुकेश कुमार सशस्त्र बल के साथ संध्या गश्ती में थाना क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ अपराधी प्रवृत्ति के युवक श्रम कल्याण केंद्र के पुराने खंडहरनुमा भवन में बैठकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस दल ने मौके पर छापेमारी की।
Read more- बिहार चुनाव 2025: आज बजेगा बिगुल! चुनाव आयोग शाम 4 बजे करेगा तारीखों का ऐलान
छापेमारी के कई हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कृष्णा यादव उर्फ शंकर यादव निवासी प्रोजेक्ट कॉलोनी जेओसीपी कॉलोनी चिरकुंडा तथा शुभम ठाकुर निवासी ब्रह्मस्थान जुनकुन्दर चिरकुंडा को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक अवैध देशी कट्टा, एक प्रतिबंधित कारतूस (7.62 मि.मी.), दो मोबाइल फोन (नथिंग और इंफिनिक्स कंपनी का) तथा एक मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या JH10CY2793) बरामद की गई।
दल में पुलिस उपनिरीक्षक मुकेश कुमार के साथ सहायक उपनिरीक्षक राजदेव राम, सत्येन्द्र तिवारी, मनोज मरांडी, हवलदार प्रदीप कुमार उरांव, आरक्षी खिरोध महतो और रामकिशुन कुमार शामिल थे।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों से पूछताछ जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये लोग किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे। पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है।
Read more- जयपुर के अस्पताल में आग का तांडव, ICU में फंसे 8 मरीजों की मौत
थाना प्रभारी ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित अपराध को टाल दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।












