Ranchi : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गुरुवार को आजसू पार्टी ने चांडिल स्थित अपने कार्यालय में एक अहम बैठक की, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने की। बैठक में कोल्हान क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
विभाजन पैदा कर राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है जेएमएम और कांग्रेस
बैठक के दौरान सुदेश महतो ने सत्तारूढ़ झामुमो–कांग्रेस गठबंधन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि ये दल झारखंडी जनता के बीच वैचारिक विभाजन पैदा कर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “झारखंड की लड़ाई सभी समुदायों ने मिलकर लड़ी है। कुड़मी, आदिवासी और मूलवासी – सभी ने मिलकर इस राज्य को बनाया है। किसी भी राजनीतिक ताकत को झारखंड की एकता तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।”
घाटशिला उपचुनाव को लेकर आजसू ने एनडीए उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। बैठक में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का भी बंटवारा किया गया। पार्टी के प्रधान महासचिव एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि हरेलाल महतो और सागेन हांसदा को सह-प्रभारी बनाया गया है।
महतो ने कहा कि पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक संगठन को सक्रिय किया गया है और कार्यकर्ताओं को “घर-घर अभियान” चलाने का निर्देश दिया गया है। आजसू पार्टी एनडीए की मजबूत सहयोगी है और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से मैदान में उतर चुके हैं।
चाईबासा मामला पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता है
सुदेश महतो ने इस मौके पर चाईबासा में एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन से बच्चों की मौत के मामले पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह “पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता” है और सरकार केवल औपचारिक मुआवजा देकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को न्याय मिले।
महतो ने कहा कि सरकार जनता की आवाज को दमन और लाठीचार्ज से दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता इस “असंवेदनशील सरकार” को करारा जवाब देगी और घाटशिला में एनडीए उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाएगी।













