मेरठ में चर्चित YouTuber Shadab Jakati के खिलाफ दर्ज शिकायत पर अब पुलिस ने जांच बैठा दी है। एसएसपी/डीआईजी मेरठ डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर मामले की जांच सीओ सदर देहात को सौंपी गई है और तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं। जांच के तहत दोनों पक्षों को सीओ कार्यालय बुलाया गया है, जहां उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाएगी।
Shadab Jakati वही यूट्यूबर हैं, जो ‘दस रुपये वाला बिस्कुट कितने का है’ वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर चर्चा में आए थे। इंचौली थाना क्षेत्र निवासी खुर्शीद उर्फ सोनू ने थाने पहुंचकर हंगामा करते हुए आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी बिना बताए Shadab Jakati के साथ वीडियो बनाने के लिए घर से चली जाती है और उसकी हत्या की साजिश रच रही है। खुर्शीद ने थाने में रोते हुए Shadab Jakati पर कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया।
Read More: गढ़वा में युवक के सिर में मारी गोली? यात्री शेड में खून से सनी लाश मिलने से मची सनसनी
घटना के बाद पति और पत्नी के अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिससे विवाद और गहरा गया। इसी बीच शुक्रवार रात एक और वीडियो सामने आया, जिसमें Shadab Jakati, खुर्शीद और उसकी पत्नी एक साथ बैठे दिखाई दिए और आपसी समझौते की बात करते नजर आए। वीडियो में खुर्शीद यह कहते हुए सुना गया कि वह अपनी पत्नी को उसकी मर्जी से शादाब जकाती के साथ भेज रहा है। हालांकि पुलिस ने इस वीडियो की पुष्टि करने से इनकार किया है और कहा है कि वह केवल तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई करेगी।
दूसरी ओर, खुर्शीद की पत्नी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वह Shadab Jakati के साथ सिर्फ काम करती है और उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है और पहले दो बार तलाक दे चुका है। अब वह पति की प्रताड़ना से तंग आकर तलाक लेना चाहती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।













