Crime News : Gumla जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोटेंगसेरा गांव से 2 जनवरी को लापता हुए 36 वर्षीय बुधराम तिर्की का शव सिसई थाना क्षेत्र के मुकुंदा गांव स्थित सोंगरा पहाड़ कोना जंगल से बरामद किया गया है। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
ओझा-भगत के बहाने निकले, फिर नहीं लौटे
मृतक के भाई सुरेश तिर्की ने पुलिस को बताया कि 2 जनवरी को बुधराम तिर्की अपनी पत्नी रांथी देवी, बेटे के साथ ओझा-भगत के पास जाने की बात कहकर घर से निकले थे। लेकिन शाम में पत्नी बच्चे के साथ अकेले घर लौटी। जब बुधराम के बारे में पूछा गया तो उसने टालमटोल जवाब दिया, जिससे परिवार को शक हुआ।
कड़ाई से पूछताछ में खुला राज
परिजनों ने जब सख्ती से पूछताछ की तो मामला संदिग्ध लगा और महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके बाद गुमला थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया और खोजबीन शुरू हुई।
जंगल से बरामद हुआ शव
खोजबीन के दौरान सोंगरा पहाड़ कोना जंगल में शव होने की सूचना मिली। सिसई थाना के एसआई अरुण कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया।
पत्नी ने कबूली हत्या, प्रेमी भी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में मृतक की पत्नी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि अपने प्रेमी सीताराम उरांव के साथ मिलकर पति की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। इस हत्याकांड में दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है।
सेल्स मैनेजर था मृतक, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बुधराम तिर्की गुमला टेक्सटाइल में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस निर्मम हत्या से गांव और आसपास के इलाकों में दहशत और गुस्से का माहौल है।
पुलिस का बयान
डीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया,
“शव बरामद कर लिया गया है। हत्या की आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी से पूछताछ जारी है। मामले में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
गुमला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला यह हत्याकांड अब पुलिस जांच के केंद्र में है, आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









