Dhanbad News: राम नवमी के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम से एक विशाल और प्रभावशाली फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसने पूरे शहर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था का मजबूत संदेश दिया।इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से किया। उनके साथ जिले के तमाम वरीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च में शामिल सभी अधिकारी और जवान बाइक पर सवार होकर शहर के प्रमुख, भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरे। यह मार्च कोर्ट मोड़, बेकारबांध, झाड़ूडीह, बाबूडीह, विनोद बिहारी चौक, भूली, आरा मोड़, पांडरपाला, आजाद नगर, रहमतगंज, वासेपुर, नया बाजार, बैंक मोड़, पुराना बाजार, जोड़ाफाटक, धनसार और शास्त्री नगर जैसे क्षेत्रों में निकाला गया। इन इलाकों में पुलिस की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का एहसास और विश्वास दोनों बढ़ा।
Dhanbad News: डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में शहरभर में सुरक्षा का संदेश
फ्लैग मार्च में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, डीएफओ विकास पालीवाल समेत कई डीएसपी, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को डायल 112 पर दें। साथ ही, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहें और किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें।
अंत में पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों ने यह भी दोहराया कि कानून व्यवस्था को भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में शांति भंग नहीं होने दी जाएगी। राम नवमी का पर्व जिले में पूरी गरिमा, उल्लास और सुरक्षा के साथ मनाया जाए, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।











