Dhanbad News: कतरास थाना क्षेत्र के भट्टमुड़ना गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय युवक हिमांशु कुमार भट्ट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार, हिमांशु रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बिना बताए घर से निकल गया था। देर रात लगभग 10:30 बजे जब वह वापस लौटा तो परिवार के सदस्यों ने उससे देर तक बाहर रहने का कारण पूछा और डांट-फटकार भी लगाई। इसके बाद सभी लोग खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए।
Dhanbad News: रामनवमी की रात को उठाया खौफनाक कदम
शनिवार सुबह जब हिमांशु के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। खिड़की से झांककर देखने पर वह पर्दे के सहारे फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलने पर कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।
परिवार के लोगों ने बताया कि हिमांशु पढ़ाई में काफी तेज था और उसकी नौकरी लगने वाली थी। खेलकूद में भी उसका प्रदर्शन बेहतर रहा था। अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं और किसी को भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा है।इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







