Prateek Yadav Death: लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव(Prateek Yadav) का बुधवार सुबह निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव(Prateek Yadav) को सुबह 6 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ (मृत) घोषित कर दिया।
किचन में मिले थे बेहोश, पुलिस ने फोन लिया कब्जे में
सूत्रों के अनुसार, Prateek Yadav अपने घर के किचन में बेहोशी की हालत में पाए गए थे। सुबह 6 बजे अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल लेकर पहुँचे। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि जब प्रतीक को लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी और हार्ट बीट रुक चुकी थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने प्रतीक यादव का फोन कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में कराया गया है।
क्या थी मौत की वजह?
प्रतीक यादव(Prateek Yadav) पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 30 अप्रैल को उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, वे पल्मोनरी एम्बोलिज्म (Pulmonary Embolism) नाम की बीमारी से ग्रसित थे। इसमें फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जम जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन बाधित हो जाता है और यह जानलेवा साबित होता है।
अखिलेश यादव ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस पहुँचे और छोटे भाई को अंतिम विदाई दी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह बहुत दुखद है कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं। कानून और परिवार के लोग जो भी तय करेंगे, हम उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे।” उनकी पत्नी अपर्णा यादव, जो फिलहाल असम में थीं, लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं।
विवादों और फिटनेस के लिए जाने जाते थे प्रतीक
मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। वे राजनीति से पूरी तरह दूर थे और रियल एस्टेट व फिटनेस के क्षेत्र में सक्रिय थे। वे लखनऊ के मशहूर जिम ‘द फिटनेस प्लैनेट’ के मालिक थे।
इसी साल 19 जनवरी को प्रतीक तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने सोशल मीडिया पर अपर्णा यादव से अलग होने (तलाक) का संकेत दिया था। हालाँकि, 9 दिन बाद ही उन्होंने ‘All is Good’ लिखकर सुलह की बात साफ कर दी थी।








