West Bengal CM oath: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हुई है। भाजपा के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर इतिहास रच दिया है। वे राज्य में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और NDA शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ईश्वर के नाम पर बांग्ला में ली शपथ
राजभवन में आयोजित भव्य समारोह में सुवेंदु अधिकारी ने बांग्ला भाषा में ईश्वर के नाम की शपथ ली। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सुवेंदु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। राज्यपाल आरएन रवि ने सुवेंदु के अलावा चार अन्य प्रमुख नेताओं को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई।
दिग्गजों का जमावड़ा और टैगोर को श्रद्धांजलि
इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और NDA शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे। संयोग से यह अवसर रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती का भी था, जिस पर पीएम मोदी ने मंच से विश्वकवि को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
West Bengal CM oath: पीएम मोदी ने छुए 98 साल के कार्यकर्ता के पैर
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के 90 वर्षीय पुराने कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का मंच पर सम्मान किया। पीएम सीधे माखनलाल जी के पास गए। उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।प्रधानमंत्री ने झुककर उनके पैर छुए, जिसके बाद माखनलाल सरकार ने उन्हें देर तक गले लगाए रखा।
अमित शाह ने किया था नेता चुनने का ऐलान
बता दें कि शुक्रवार को कोलकाता में हुई विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया था। गृहमंत्री अमित शाह ने उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया, जिसके बाद सुवेंदु ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।







