Jharkhand: जामताड़ा: जामताड़ा पुलिस ने एक बार फिर साइबर अपराधियों के खिलाफ अपना शिकंजा कसते हुए दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपराधियों के पास से भारी मात्रा में मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक (SP) को मिली गुप्त सूचना के बाद की गई छापेमारी के दौरान हुई।
छापेमारी के दौरान आरोपी गिरफ्तार
साइबर अपराध थाना के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिले के दो अलग-अलग इलाके फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगांड़ी गांव और कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के पास पलाश झुंड में छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान, गुलाम मुहम्मद (30 वर्ष) निवासी बनगांड़ी और मो० मकबूल अंसारी (31 वर्ष) निवासी डुमरिया हुई है।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान अपराधियों के पास से 7 स्मार्टफोन (साइबर ठगी में प्रयुक्त) और 9 सक्रिय सिम कार्ड जब्त किया है। इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है (कांड संख्या 25/26)।
कैसे करते थे ठगी?
पूछताछ के दौरान अपराधियों ने साइबर ठगी के कई चौंकाने वाले तरीकों का खुलासा किया है। आरोपी खुद को ‘जियो (Jio) कस्टमर केयर’ का प्रतिनिधि बताकर लोगों को KYC अपडेट के नाम पर झांसा देते थे। बैंकिंग ऐप के नाम पर शिकार को फर्जी लिंक भेजकर APK फाइल डाउनलोड करवाई जाती थी, जिससे उनके बैंक खाते का एक्सेस मिल जाता था। जिसके बाद लोगों को कॉल कर रिचार्ज के नाम पर ठगना और कूपन के जरिए ऑनलाइन खरीदारी करना इनका मुख्य काम था।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इस गिरोह का नेटवर्क केवल झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।







