Ranchi: रांची जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने Pre SIR कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि खराब प्रदर्शन करने वाले BLO के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी निर्वाची निबंधक पदाधिकारियों को ऐसे BLO को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी निर्देश दिया कि जो शिक्षक BLO के रूप में काम कर रहे हैं लेकिन नियमित रिपोर्टिंग नहीं कर रहे, उनका शहर से स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए।
बीमारी का बहाना बनाने वाले BLO पर भी प्रशासन सख्त
बैठक में उपायुक्त ने उन BLO पर भी नाराजगी जताई जो स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर कार्य से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जिलास्तरीय मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश दिया ताकि वास्तव में बीमार कर्मचारियों और बहाना बनाने वालों की पहचान हो सके।
उन्होंने साफ कहा कि चुनाव से जुड़े कार्य लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया हैं और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।
सात विधानसभा क्षेत्रों की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में प्रभारी उपविकास आयुक्त संजय भगत, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन और सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधक पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में 58-तमाड़, 61-सिल्ली, 62-खिजरी, 63-रांची, 64-हटिया, 65-कांके और 66-माण्डर विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे Pre SIR कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाया जाए और शेष बचे वोटरों की मैपिंग का कार्य जल्द पूरा किया जाए।
हर पात्र मतदाता का नाम जोड़ने पर जोर
मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने BLO को घर-घर जाकर सत्यापन करने और अनुपस्थित, स्थानांतरित तथा मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा विषय है और इसमें पारदर्शिता व जवाबदेही बेहद जरूरी है।
पंचायत भवनों में लगेगी वर्ष 2003 की मतदाता सूची
उपायुक्त ने सभी पंचायत भवनों में वर्ष 2003 की मतदाता सूची प्रकाशित करने का निर्देश भी दिया। इससे लोगों को अपना नाम खोजने में आसानी होगी और मैपिंग कार्य में सहयोग मिलेगा।
इसके साथ ही सभी BLO को हर घर में स्टीकर लगाने और समयबद्ध तरीके से सत्यापन कार्य पूरा करने को कहा गया है। प्रशासन का मानना है कि इससे मतदाता सूची को और अधिक सटीक बनाया जा सकेगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









