रांची: राजधानी Ranchi के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित काली मंदिर रोड के प्रसिद्ध श्री हरि मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। अज्ञात चोरों ने मंदिर का लोहे का गेट और खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
मंदिर संचालक चंदन घोष ने इस मामले में डोरंडा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार यह घटना 17 मई 2026 की रात की है। चोरों ने पहले मंदिर का मुख्य लोहे का गेट तोड़ा, फिर खिड़की क्षतिग्रस्त कर परिसर में रखी दान पेटी को निशाना बनाया। दान पेटी को तोड़कर उसमें रखी पूरी राशि चोरी कर ली गई।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि दान पेटी पिछले करीब पांच वर्षों से नहीं खोली गई थी। ऐसे में उसमें अच्छी-खासी रकम होने की संभावना जताई जा रही है। समिति का कहना है कि इससे पहले भी मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
घटना के बाद इलाके के लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।









