रांची में भू-माफियाओं पर सख्त हुए DC मंजूनाथ भजन्त्री, जनता दरबार में अधिकारियों को लगाई फटकार
रांची जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में सोमवार को जमीन विवाद, अवैध कब्जा, म्यूटेशन और सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। विशेष रूप से भू-माफियाओं द्वारा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व विभाग और सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को त्वरित जांच और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
जनता दरबार में कई आवेदकों ने शिकायत दर्ज कराई कि भू-माफियाओं के माध्यम से उनकी जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। मामले को गंभीर मानते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व कार्यालय और सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को जांच तेज करने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सोनाहातू अंचल अधिकारी को लगाई कड़ी फटकार
जनता दरबार में सोनाहातू निवासी प्रकाश कुमार महतो ने नीमडीह मौजा स्थित अपनी जमीन के पंजी-2 में सुधार नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। आवेदक ने बताया कि लंबे समय से कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है।
इस पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोनाहातू अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्रपत्र-क गठित किया जाएगा।
लंबित म्यूटेशन मामले में तत्काल कार्रवाई का निर्देश
शहर अंचल निवासी हरि प्रसाद चक्रवर्ती ने सक्सेशन म्यूटेशन से जुड़ी शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि एलआरडीसी के आदेश के बावजूद अब तक म्यूटेशन नहीं किया गया है।
मामले पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने शहर अंचल अधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर एलआरडीसी के आदेश का अवलोकन करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल
जनता दरबार में बिरसा चौक निवासी दिव्यांग पंकज कुमार को राज्य सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। पंकज अपनी मां के साथ जनता दरबार पहुंचे थे। ट्राईसाइकिल मिलने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
पंकज ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि जिला प्रशासन पात्र दिव्यांगों को सहायता उपलब्ध करा रहा है।
अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान पर मांगी रिपोर्ट
बेड़ो निवासी तेतरु उरांव ने अधिग्रहित भूमि के एवज में मुआवजा राशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। उपायुक्त ने भू-अर्जन कार्यालय से मामले की अद्यतन रिपोर्ट मांगी। अधिकारियों ने जानकारी दी कि भुगतान प्रक्रिया जारी है। इस पर DC ने प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
बेड़ो निवासी रुपन उरांव ने मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन में गलत रिपोर्टिंग की शिकायत दर्ज कराई। उपायुक्त ने संबंधित बीडीओ को जांच के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने पंचायत मुखियाओं से अपील की कि योजना से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार और आमदनी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाए।
अन्य मामलों पर भी दिए गए निर्देश
जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








