Jharkhand: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री ने राज्य के अस्पतालों में खाली पड़े डॉक्टरों, स्पेशलिस्टों और नर्सिंग स्टाफ के 7,609 रिक्त पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति करने का कड़ा निर्देश दिया है।
बता दें कि राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 21,578 नर्सिंग स्टाफ के पद स्वीकृत हैं, जिनमें से फिलहाल 7,609 पद खाली हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सहित विभाग के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद थे।
Jharkhand: हर नागरिक का बनेगा ‘हेल्थ प्रोफाइल सिस्टम’
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को राज्य के सभी नागरिकों का एक डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार करने का निर्देश दिया है। साथ ही शहर और गांव की स्वास्थ्य समस्याओं के अंतर को देखते हुए अलग-अलग प्लानिंग (अध्ययन) के तहत काम करने का भी निर्देश दिया है।
कैंसर, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और शुगर जैसी गंभीर बीमारियों के लिए अस्पतालों में अलग और विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।
Read More: Breaking News: कांग्रेस नेता धीरज साहू नियुक्त किए गए INTUC के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
एम्बुलेंस सेवाओं के लिए बनेगा AI कंट्रोल रूम
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की वर्तमान एम्बुलेंस सेवाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसमें सुधार के लिए दो बड़े निर्देश दिए:
-
AI कंट्रोल रूम: एम्बुलेंस की सटीक मॉनिटरिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
-
उबर (Uber) कॉन्सेप्ट: आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के लिए ‘उबर’ की तर्ज पर एम्बुलेंस सेवा का विस्तार करने का खाका तैयार करने को कहा गया है। लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्य में खुलेंगे ‘मुख्यमंत्री अबुआ दवाखाना’
ग्रामीण जनता को दवाओं के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री अबुआ दवाखाना’ की स्थापना करने जा रही है। यह एक एकीकृत औषधि केंद्र होगा, जिसका संचालन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में किया जाएगा। यहाँ ग्रामीणों को एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और सिद्ध प्रणाली की सभी जरूरी दवाएं एक ही छत के नीचे बिलकुल मुफ्त (Free) मिलेंगी।
मेडिकल कॉलेजों के काम में तेजी और अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
सीएम ने कोडरमा, बोकारो, चाईबासा, दुमका, जमशेदपुर और हजारीबाग में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों के काम में तेजी लाकर उन्हें जल्द पूरा करने का आदेश दिया। साथ ही किडनी, लीवर और कॉर्निया डोनेशन के लिए लोगों को जागरूक करने और अस्पतालों में इसकी व्यवस्था करने को कहा गया है। सरकारी अस्पतालों को एयर कूल (Air Cooled) बनाने की कार्ययोजना तैयार होगी और बर्न यूनिट (Burn Units) को दुरुस्त किया जाएगा। राज्य के सभी ब्लड बैंकों की व्यवस्था को पूरी तरह से ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव नेहा अरोड़ा और एनएचएम के एमडी शशि प्रकाश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
ये भी देखें: दिनभर की बड़ी खबरें फटाफट | JTET 2026 | JEE Advanced | RIMS | Babulal Marandi | Palamu police









